बंबई सैपर्स के लगभग ढाई सौ वर्षों के इतिहास में पहली बार एक महिला अधिकारी गणतंत्र दिवस परेड में अपनी रेजिमेंट की ऐसी टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी, जिसमें सभी पुरुष सदस्य शामिल होंगे। आठ साल पहले कोर ऑफ इंजीनियर्स की 115 इंजीनियर रेजिमेंट में नियुक्त मेजर दिव्या त्यागी (31) के लिए यह एक अनोखी उपलब्धि है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कहा कि मेजर दिव्या उस दल का नेतृत्व करेंगी, जिसमें एक अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी और 144 अन्य रैंक के अधिकारी शामिल हैं। एजेंसी
इस बार केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस पर देश के 200 से ज्यादा गांवों के सरपंचों व निर्वाचित प्रतिनिधियों को गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है। पंचायती राज मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि देशभर से पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों और उनके जीवनसाथियों सहित करीब 500 मेहमानों को कर्तव्य पथ पर परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। चयनित प्रतिभागी उन पंचायतों से हैं, जिन्हें पिछले वर्षों में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार प्राप्त हुआ है, या उनकी पंचायतों ने उल्लेखनीय कार्य किया है। यह पहल पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय उत्सव में शामिल कर लोकतांत्रिक लोकाचार को मजबूत करती है। एजेंसी