पुलिस ने बताया कि नीतिखंड में रहने वाले रिंकू और साजन उर्फ अमित जयपुरिया शॉपिंग कॉम्पलेक्स के बेसमेंट में सीढ़ियों के पास पाखी स्पा सेंटर चला रहे थे। इसमें 12 से 15 हजार रुपये वेतन पर गाजियाबाद और नोएडा से सात युवतियों को रखा हुआ था। पुलिस को सूचना मिली थी कि यह सेंटर चोरी-छिपे चल रहा है। दिखाने के लिए गेट बंद रखा जाता है जबिक अंदर देह व्यापार होता है। पुलिस ने छापा मारा तो गेट बंद ही मिला। गेट खुलवाया गया तो अंदर बने केबिन में युवक और युवतियां मिले। दो घंटे चले छापे के बाद स्पा सेंटर मालिकों, दोनों ग्राहक हिमांशु और हर्ष व युवतियों को थाने लाया गया। पुलिस ने 21 दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले 23 मई को पैसेफिक माल में सात स्पा सेंटरों पर छापा मार 100 लोग पकड़े थे।
ग्राहक बनकर पहुंचा सिपाही फोन करके पुलिस टीम बुलाई
स्पा सेंटर में देह व्यापार की सूचना मिलने पर डीसीपी विवेक चंद्र ने तेज तर्रार सिपाही को साक्ष्य जुटाने के लिए भेजा। सिपाही ग्राहक बनकर गया। उसने पहले मसाज की बात की। बात आगे बढ़ाते हुए उसने स्पा सेंटर में चल रहे धंधे के बारे में जान लिया। मालिक ने उसे जैसे ही चैंबर में भेजा, उसने डीसीपी को फोन कर दिया। फोन आने के इंतजार में बाहर खड़े डीसीपी पूरी टीम के साथ पहुंच गए और छापा मार दिया। इस कार्रवाई की जानकारी सिर्फ छापा मारने वाली टीम को थी। पास की नीतिखंड चौकी को भी सूचना नहीं दी गई थी।
युवितयां बोलीं, हमें किया जा रहा था ब्लैकमेल
पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे स्पा सेंटर में मालिकों के पास नौकरी मांगने पहुंची थीं। दो-चार दिन उनसे ग्राहकों की मसाज व अन्य तरह के ब्यूटी फेशियल का काम कराया गया। इसके बाद पहले जबरन देह व्यापार में धकेला और इसकी वीडियो बना ली। उन्हें वीडियो दिखाकर कहा कि काम छोड़कर गईं तो इसे वायरल कर दिया जाएगा। इस पर वे मजबूरी में काम करती रहीं। डीसीपी विवेक चंद्र का कहना है कि युवतियों ने मालिक व संचालकों पर जबरन देह व्यापार में डालने का आरोप लगाया है। युवतियों ने मालिकों पर उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींचने का आरोप लगाया है।
जारी रहेगी कार्रवाई
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि स्पा सेंटर मालिकों और ग्राहकों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार पर कार्रवाई जारी रहेगी। जहां से भी सूचना मिलेगी, एक्शन लिया जाएगा।