-पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित मॉल के पास झाड़ियों में मिला शव
-पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हत्या की आशंका, पुलिस कर रही पड़ताल
-मृतक के सिर में मिले चोट के निशान, पीएम रिपोर्ट के बाद होगा साफ
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में स्टार सिटी मॉल के पास पार्किंग की झाड़ियों में एक 32 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान नोएडा, नया बांस निवासी बिरजू राय (32) के तौर पर हुई है। पुलिस को मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन की जा रही है। पीएम आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूर्वी जिला के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर मयूर विहार थाना पुलिस को खबर मिली कि मयूर विहार स्थित स्टार सिटी मॉल के पास पार्किंग की झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। शुरुआती जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। मूलरूप से बिहार का रहने वाला बिरजू राय नोएडा में रहकर ई-रिक्शा चलाता था। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक बिरजू राय बुधवार से ही लापता थे।