संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। फिरोजपुर झिरका शहर थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के चर्चित मामले में भाजपा युवा नेता एवं मनोनीत पार्षद कृष्ण सैनी को गिरफ्तार किया है। मामला वार्ड नंबर-3 निवासी सोहन लाल की आत्महत्या से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, मृतक के पुत्र हिमांशु ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी तीन बुआएं, चाचा परवेज और अन्य लोग लंबे समय से संपत्ति में हिस्सा व पैसों को लेकर सोहन लाल पर दबाव बना रहे थे। आरोप है कि 1 जून को आरोपियों ने घर पहुंचकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सोहन लाल ने राजस्थान के गोपालगढ़ में जहरीला पदार्थ निगल लिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और एक पत्र भी छोड़ा था। पुलिस ने उपलब्ध वीडियो, शिकायत, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए कृष्ण सैनी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।