नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित सरकारी आवास के 14 सितंबर को होने वाले निरीक्षण को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। आप नेताओं ने भाजपा को चुनौती दी है कि निरीक्षण के दौरान कथित गोल्डन कमोड, बार और स्विमिंग पूल को मीडिया और जनता के सामने दिखाया जाए। पार्टी ने कहा कि यदि ये चीजें नहीं मिलती हैं तो भाजपा को अपने दावों के लिए माफी मांगनी चाहिए। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा की लोक लेखा समिति आवास का निरीक्षण कर रही है, इसलिए समिति इन तीनों चीजों की तस्वीर और वीडियो सार्वजनिक करे। भाजपा लंबे समय से मुख्यमंत्री आवास में गोल्डन कमोड, बार और स्विमिंग पूल होने का दावा करती रही है। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली सरकार पर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए इस मुद्दे को उठा रही है। ब्यूरो