अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने इंडिगो एयरलाइंस के प्रति नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि वे नई दिल्ली से बेलगावी कर्नाटक की उड़ान से यात्रा कर रहे थे, लेकिन गंतव्य पर पहुंचने के बाद उनका सामान नहीं पहुंचा। सांसद ने कहा कि बैगेज की लोकेशन को लेकर एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी, असुविधा और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बैग में जरूरी और मूल्यवान दस्तावेज भी थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। खंडेलवाल ने सोशल मीडिया पर इंडिगो के सीईओ से तत्काल स्पष्टीकरण की मांग की। साथ ही नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से हस्तक्षेप की अपील करते हुए एयरलाइन की परिचालन व्यवस्था पर सवाल उठाए।