अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
प्रदेश भाजपा ने दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज के आरोपों का खंडन करते हुए उन पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि सौरभ भारद्वाज लगातार तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। प्रवीण शंकर कपूर ने दावा किया कि दिल्ली सरकार ने अपने कार्यकाल के शुरुआती 16 महीनों में ही महिला सम्मान राशि योजना का पहला चरण शुरू कर दिया है, जिससे 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश में महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सबसे अधिक सम्मान राशि देने वाला राज्य है। भाजपा प्रवक्ता ने सौरभ भारद्वाज के इस आरोप को भी गलत बताया कि जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिलने की बात कही है।