मंगोलपुरी के रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए मंच सजा था, जहां तीन लोकसभा क्षेत्रों की क्लस्टर सह इंचार्ज रेखा गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, लोकसभा संयोजक जयभगवान यादव समेत कई प्रदेश पदाधिकारी, सभी पार्षद और प्रत्याशी, मंडल अध्यक्ष, जिले और शक्ति केंद्रों व बूथों के कार्यकर्ता मौजूद थे। अपने संबोधन में योगेंद्र चंदोलिया ने मंच पर उपस्थित सभी नेताओं और सामने खड़े हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने मंडल के मंत्री के रूप में पार्टी में कार्य करना शुरू किया था। करीब चालीस वर्षों के सामाजिक और राजनीतिक सफर के बाद आज लोकसभा प्रत्याशी बनने के लिए नामांकन करने जा रहा हूं। मैं कार्यकर्ता हूं और सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करूंगा। अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दूंगा और सदैव जनता के बीच उपस्थिति रहूंगा।
2.15 करोड़ का मकान, 13.75 लाख की कार से चलते हैं योगेंद्र
भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र चांदोलिया 2.15 करोड़ रुपये की कीमत के मकान में रहते हैं। नामांकन के लिए दाखिल किए गए एफिडेविट से पता चलता है कि उनके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं, लेकिन किसी भी आपराधिक मामले में अपराधी नहीं ठहराए गए हैं। चुनाव कार्यालय में दाखिल एफीडेविट के अनुसार, योगेंद्र चांदोलिया के पास नकद 1,11,450 रुपये और उनकी पत्नी मीना चांदोलिया के पास 78,100 रुपये की नकदी है। योगेंद्र ने एक लाख से अधिक रकम की बैंक में एफडी कराई हुई है, उनकी पत्नी ने 45 हजार के करीब। 1.28 लाख का बॉन्ड भी योगेंद्र ने किया हुआ है। उनके पास कुल 29,31,137.92 रुपये की चल संपत्ति है। इसमें 11 लाख के करीब गहने, 13.75 लाख रुपये की किया कैरेंस कार समेत दूसरी चीजें हैं, जबकि उनकी पत्नी की कुल चल संपत्ति 31,92,346.63 है। इसमें 18 लाख रुपये के गहने और 4.76 लाख रुपये की कार भी शामिल है। दूसरी तरफ चंदोलिया के पास सिर्फ एक अचल संपत्ति है। करोल बाग के रैगरपुरा की एक संपत्ति में तिहाई हिस्सा योगेंद्र का है। इसकी बाजार कीमत 2.15 करोड़ रुपये बैठती है। योगेंद्र के ऊपर 9,38,900 रुपये की देनदारी है।
पहले दिन 13 ने किया नामांकन
लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में पहले दिन भाजपा प्रत्याशी समेत 13 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। इसमें सबसे ज्यादा चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के लिए 5 नामांकन दाखिल किए गए हैं। दूसरे नंबर पर उत्तर पश्चिमी लोकसभा क्षेत्र के लिए 4 नामांकन दाखिल किए गए। नामांकन केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर चुनाव की अधिसूचना सोमवार को आयोग ने जारी कर दी। इसके साथ ही प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र चांदोलिया सहित 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। योगेंद्र चांदोलिया ने अपने पुत्र चित्रेश चांदोलिया को कवरिंग उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरवाया है। पहले दिन कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के किसी उम्मीदवार ने पर्चा नहीं भरा। पंजीकृत (गैर मान्यता प्राप्त) दलों के 12 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। योगेंद्र चांदोलिया ने दो सेट पर्चे भरे। इसके अलावा चांदनी चौक सीट से एक पंजीकृत (गैर मान्यता प्राप्त) दल के एक उम्मीदवार ने भी दो सेट पर्चे भरे, इसलिए पहले दिन कुल 15 नामांकन पत्र आए। नामांकन करने वालों में तीन महिला प्रत्याशी और दस पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय का कहना है कि चांदनी चौक से सबसे अधिक चार उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। उत्तर पश्चिमी दिल्ली से तीन उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सीट से दो-दो उम्मीदवारों ने पर्चा भरा।