पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस, तीन कारतूस और वारदात में इस्तेमाल एक बाइक बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल बाइक आरोपी अब्दुल्लाह ने अपने दोस्त सुल्तान से ली हुई थी जो उसके पिता अंसार के नाम पर है। पुलिस को मामले में अब्दुल्लाह के दूसरे साथी जैद की तलाश है। उसकी तलाश में सीलमपुर थाना पुलिस छापेमारी कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि पांच दिसंबर को गौतमपुरी गली नंबर-10 में एक सैलून के बाहर गोली चलने की घटना हुई थी। बाइक सवार तीन लड़कों ने सैलून पर गोलियां चलाई थीं। एक गोली सैलून की दीवार पर लगी जबकि दूसरी बालकनी पर लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से दो खोखे और एक चाकू का कवर बरामद किया। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज से कुछ आरोपियों की पहचान की गई। इस बीच मंगलवार को एक सूचना के बाद पुलिस की टीम ने के-ब्लॉक, सीलमपुर से दो आरोपियों अमानत उर्फ यासीन और अब्दुल्लाह को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली। अब्दुल्लाह ने बताया कि पांच दिसंबर को वह जुनैद के सैलून पर बाल कटवाने के लिए गया था। करीब आधा घंटा वहां बैठने के बाद भी जुनैद ने उसका नंबर नहीं लगाया। उसके बजाए किसी और के बाल काटने लगा।
अब्दुल्लाह ने इसका विरोध किया तो वह जुनैद उससे कहासुनी करने लगा। इसके बाद धक्का-मुक्की कर अब्दुल्लाह को भगा दिया। अब्दुल्लाह ने अपने दोस्त अमानत और जैद को बुलाया। कुछ ही देर बाद तीनों ने जुनैद के सैलून पर गोलियां चला दीं। पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार व बाइक बरामद कर ली। अब पुलिस तीसरे आरोपी जैद की तलाश कर रही है।