पलवल। जिला पुलिस की ओर से साइबर अपराधों पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने साइबर सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी कर आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड और यूपीआई से जुड़े अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। थोड़ी सी लापरवाही लोगों की मेहनत की कमाई को नुकसान पहुंचा सकती है। पुलिस ने लोगों को ओटीपी, पासवर्ड और सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने और क्यूआर कोड स्कैन करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक न करने और मजबूत पासवर्ड रखने की अपील की गई। एसपी ने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930, साइबर पोर्टल या नजदीकी थाना एवं साइबर सेल में शिकायत करें। पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना है।