शराब तस्करी के दौरान आबकारी विभाग की टीम पर ट्रक चढ़ाकर हत्या के प्रयास के आरोपी को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोचा है। आरोपी की पहचान प्रकाश झा उर्फ गोटिया उर्फ ओम प्रकाश उर्फ संतोष (33) के रूप में हुई है। प्रकाश पहले से 20 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
24 अगस्त 2023 को समयपुर बादली इलाके में आरोपी और उसके साथियों ने आबकारी विभाग की टीम पर चेकिंग के दौरान ट्रक चढ़ाकर उनकी हत्या का प्रयास किया था। बाद में आरोपी ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। इसके बाद जनवरी 2024 में आरोपी ने सुपारी से भरा ट्रक लूट लिया था। स्वरूप नगर और कीर्ति नगर थाने में लूटपाट के दो अलग-अलग मामलों में अदालत ने प्रकाश झा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए हुए थे। इसके अलावा कई मामलों में पुलिस को आरोपी की तलाश थी। वारदात के बाद आरोपी बिहार भाग जाता था। माहौल शांत होने के बाद दोबारा वापस आकर वारदात को अंजाम देता था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त सतीश कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर सतीश मलिक व हवलदार विकास डबास की टीम को खबर मिली थी कि आरोपी प्रकाश झा लिबासपुर, समयपुर बादली में अपने परिजनों से मिलने के लिए आएगा। पुलिस की टीम ने उसके घर के पास ट्रैप लगा दिया। पांच दिन के लंबे इंतजार के बाद आरोपी परिवार से मिलने घर पहुंचा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया।