दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर जितेंद्र गोगी के लिए जेल में मोबाइल व अन्य सुविधाओं का प्रबंध करने वाले गैंगस्टर मो. मुख्तयार उर्फ हनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी विरोधी गिरोह के सदस्य कपिल से अपने भाई मुस्तफा की हत्या का बदला लेना चाहता था। उसने कपिल पर गोली चलाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की थी, मगर एक गोली चलने के बाद पिस्टल जाम हो गई। कोर्ट ने मो. मुख्तयार को भगोड़ा घोषित कर रखा था। इसके खिलाफ आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसके पास से एक पिस्टल व तीन कारतूस बरामद किए हैं।
स्पेशल सेल डीसीपी राजीव रंजन सिंह ने बताया कि एसीपी ललित मोहन नेगी की देखरेख में इंस्पेक्टर प्रमोद चौहान, आलोक मौर्या और शिवराज रावत की टीम ने गैंगस्टर मो. मुख्तयार को मजनू का टीला से गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस फिलहाल उसे हत्या का प्रयास, रॉबरी और झपटमारी के केस में तलाश कर रही थी। कोर्ट ने इन तीनों केसों में उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था। ये दो वर्षों से फरार चल रहा था। उसने अपने साथी अमन उर्फ मनप्रीत के साथ बिंदापुर इलाके में दो जुलाई, 22 को फायरिंग की थी। कपिल ने उसके बड़े भाई मुस्तफा की डाबड़ी इलाके में अप्रैल, 2018 में हत्या कर दी थी। एक गोली चलने के बाद पिस्टल जाम हो गई। इस कारण कपिल बच गया था। मुख्तयार ने 13 वर्ष की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रख दिया था। इसके खिलाफ आठ से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।