संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली नगर निगम ने बुधवार को दक्षिणी जोन के हौज खास वार्ड स्थित कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। नगर निगम की टीम ने लोक निर्माण विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाया। जेसीबी मशीनों की मदद से अस्थायी ढांचे, प्लेटफॉर्म और फुटपाथों पर बने अवैध निर्माण हटाए गए। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों और पार्कों की दीवारों के आसपास किए गए कब्जों को भी हटाया गया। अभियान के दौरान कई ठेले और सड़क किनारे लगी अवैध दुकानों को हटाया गया। दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया। दक्षिणी जोन के उपायुक्त राकेश कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों को साफ और बाधा मुक्त रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी। निगम आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखेगा, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो और सार्वजनिक जगहों का सही उपयोग हो सके।