- 29 नवंबर को स्थानीय अभिभावकों के साथ देना होगा साक्षात्कार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में हॉस्टल आवंटन के लिए पहले चरण में आवेदन करने के बावजूद साक्षात्कार में शामिल न हो पाने वाले छात्रों को एक और मौका मिल रहा है। ऐसे छात्र 29 नवंबर को अपने स्थानीय अभिभावकों के साथ साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे। इस संबंध में जामिया प्रोवोस्ट कार्यालय ने नोटिस जारी किया है। इसके अनुसार साक्षात्कार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा। इच्छुक छात्रों को 28 नवंबर तक प्रोवोस्ट कार्यालय को इसकी सूचना देनी होगी। छात्रों के लिए निर्धारित समय के भीतर अपने स्थानीय अभिभावकों के साथ साक्षात्कार में पहुंचना अनिवार्य होगा। जामिया ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर केवल उन छात्रों के लिए है, जिन्होंने पहले चरण में आवेदन किया था। लेकिन किसी कारण से साक्षात्कार में शामिल नहीं हो सके थे।