मेरठ में एनकाउंटर के बाद जिले में अलर्ट
अनिल दुजाना के एनकाउंटर के बाद जिले में भी पुलिस अलर्ट हो गई। दादरी-बादलपुर पुलिस ने दुजाना गांव की ओर जाने आने वाले वाहनों की जांच करने में जुट गई। गुरुवार को दुजाना गांव में भी भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। पुलिस ने दुजाना के घर के पास से जाने वाले रास्ते पर वाहनों की जांच की। दुजाना के घर के आसपास इस संबंध लोग चुप्पी साधे रहे। उसके परिवार के लोग अधिकांश बाहर रहते हैं। अनिल दुजाना के दो भाई सरकारी नौकरी करते थे।
जब कुख्यात दुजाना ने दो भाइयों की हत्या कर फैलाई थी दहशत
मुजफ्फरनगर में कुख्यात अनिल दुजाना ने रंगदारी नहीं देने पर छपार में दो खाद व्यापारी भाइयों की हत्या कर दहशत फैला दी थी। जिला कारागार में विक्की त्यागी से दुश्मनी रही। जेल में दुजाना ने पश्चिम यूपी के बदमाशों को अपने साथ मिलाकर गैंग बनाया और आसपास के जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया। बागपत जेल में मारे गए मुन्ना बजरंगी से नजदीकियों के चलते ही दुजाना ने रेलवे की ठेकेदारी में भी अपने हाथ बढ़ाने शुरू कर दिए थे।
छपार में दुजाना ने ऐसे जमाईं अपराध की जड़ें
छपार के रोबिन त्यागी और अमन उर्फ माया त्यागी के साथ नजदीकियों के चलते कुख्यात अनिल दुजाना की छपार थाना क्षेत्र में सक्रियता बढ़ी। खाद व्यापारी संजीव त्यागी का प्रधान पद के चुनाव को लेकर रोबिन त्यागी पक्ष से मनमुटाव हुआ। इसके बाद संजीव त्यागी को दस लाख की रंगदारी की चिट्ठी भेजी गई। रंगदारी नहीं मिली तो अनिल दुजाना ने गैंग ने आठ जनवरी 2012 को दिन निकलते ही छपार में दुकान खोल रहे खाद व्यापारी संजीव त्यागी की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। आरोपी अमित और अनिल दुजाना को इसी दिन शाम को ही पुलिस ने मुठभेड़ में आधुनिक हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था।
संजीव त्यागी हत्याकांड में गवाह की पुलिस अभिरक्षा में कराई हत्या
व्यापारी संजीव त्यागी की हत्या के मुकदमे में गवाह उसके भाई राजीव त्यागी की 18 अक्तूबर 2013 को पुलिस अभिरक्षा में सुबह के समय दुकान खोलते हुए गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान दुजाना गैंग का सुशील जाट पुलिस की गोली लगने से मारा गया था। जिस समय संजीव त्यागी की हत्या की थी, उस समय अनिल दुजाना पर 50 हजार का इनाम था। छपार में अनिल दुजाना पर सात मुकदमे दर्ज किए गए थे।
अत्याधुनिक हथियारों से किया था हमला
दुजाना गिरोह ने अत्याधुनिक हथियारों से खाद व्यापारी पर हमला किया था। पीड़ित पक्ष के घर पर पांच सिपाही और डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात थी। इसके बावजूद भी गिरोह के सदस्यों ने व्यापारियों के घर दो बार फायरिंग की थी।