नई दिल्ली। राजधानी के लिटिल थिएटर ग्रुप (एलटीजी) ऑडिटोरियम में मंगलवार को फन्ना-फि-अल्लाह समूह की ओर से सूफी कव्वाली की प्रस्तुति देखने को मिली। पारंपरिक कव्वाली की सुरमयी धुनों और सूफियाना कलाम ने श्रोताओं को आध्यात्मिक संगीत के रंग में सराबोर कर दिया। ताहिर कव्वाल के नेतृत्व में समूह ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सूफी संगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया। प्रस्तुति में तबले और हारमोनियम की संगत के साथ सामूहिक गायन ने माहौल को खास बना दिया। सूफी संतों और रहस्यवादी कवियों की रचनाओं पर आधारित कव्वाली ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। तालियों की गूंज और संगीत की लय के बीच सभागार में सूफियाना रंग देखने को मिला। कार्यक्रम में सूफी संगीत के जरिए प्रेम, एकता और ईश्वर के प्रति समर्पण का संदेश सामने आया। संवाद