नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की मध्य जिला पुलिस ने पेटा इंडिया के साथ पशु संरक्षण कानूनों और कानून लागू करने की प्रक्रियाओं पर 60 से अधिक पुलिसकर्मियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किया। पेटा इंडिया की कानूनी सलाहकार एवं क्रुएल्टी रिस्पॉन्स की निदेशक मीत अशर ने पशु क्रूरता, अवैध वध, वन्यजीव अपराध और संरक्षित वन्यजीवों को अवैध रूप से रखने से जुड़े मामलों से निपटने के लिए कानूनी मार्गदर्शन दिया। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सत्र में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने, संबंधित कानूनी प्रावधानों को सही तरीके से लागू करने, जांच, साक्ष्यों के संरक्षण, जब्ती और अभिरक्षा की प्रक्रिया तथा सक्षम प्राधिकारियों और पशु कल्याण संगठनों के साथ समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।