पुल वाली खबर में
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में नजफगढ़ नाले पर 33 साल पुराने फुट ओवरब्रिज के गिरने और एक महिला की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया है। दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने घटना की जांच के लिए 3 सदस्यीय समिति गठित करने का आदेश दिया है। यह समिति पुल गिरने के तकनीकी कारणों और विभागीय चूक की पड़ताल कर 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट पेश करेगी। इस हादसे के मद्देनजर दिल्ली में मौजूद सभी पुराने लोहे के फुट ओवरब्रिज का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का फैसला लिया गया है। मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि इंजीनियरिंग टीम शहर भर के ऐसे पुलों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करें, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जर्जर हो चुकी संरचना ही इस हादसे की मुख्य वजह थी। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि इस जर्जर ढांचे को समय रहते पूरी तरह हटाने या मरम्मत करने में कहां और किससे लापरवाही हुई।