अमित मिश्रा ने राष्ट्रपति से मुलाकात की
- फोटो : अमर उजाला
भारत के जॉर्जिया में नियुक्त राजदूत अमित कुमार मिश्रा ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने इस अवसर पर अपना प्रत्यायन पत्र (लेटर ऑफ क्रेडेंस) राष्ट्रपति को सौंपा। राष्ट्रपति ने उन्हें उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में भारत-जॉर्जिया संबंध और अधिक सुदृढ़ तथा बहुआयामी बनेंगे।
अमित कुमार मिश्रा भारतीय विदेश सेवा के वर्ष 2004 बैच के एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनयिक हैं। वे बिहार के दरभंगा जिले के मूल निवासी हैं। दो दशकों से अधिक की सेवा अवधि में उन्होंने विदेश मंत्रालय तथा विदेशों में स्थित विभिन्न भारतीय मिशनों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनकी विशेषज्ञता अंतरराष्ट्रीय संबंधों, बहुपक्षीय कूटनीति, वाणिज्य दूतावास सेवाओं, आर्थिक सहयोग और नीतिगत निर्माण जैसे क्षेत्रों में है। भारत और जॉर्जिया के बीच पारंपरिक रूप से मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं।
भारत और जॉर्जिया के बीच द्विपक्षीय सहयोग व्यापार और निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी, औषधि उद्योग, कृषि, पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा तथा जन-से-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में निरंतर विस्तार कर रहा है। मिश्रा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को और अधिक बढ़ाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व से द्विपक्षीय संबंधों में नई गति आने की अपेक्षा है। यह रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को और सुदृढ़ करेगा।
अमित कुमार मिश्रा शीघ्र ही जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनकी नियुक्ति से दोनों देशों के बीच संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है। यह भारत की विदेश नीति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।