नोएडा, ग्रेनो और गाजियाबाद के 143 शिक्षकों को सात सितंबर को अमर उजाला शिक्षक सम्मान-2024 से सम्मानित किया जाएगा। करीब एक लाख छात्र-छात्राओं ने मतदान कर इन शिक्षकों का चुनाव किया है। शनिवार सुबह 11 बजे से सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होने वाले समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम में स्कूलों के प्रिंसिपल, शिक्षक और अतिथि शामिल होंगे। सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों ने कहा है कि यह दिन उनके लिए यादगार रहेगा। छात्रों की ओर से चुने जाने के बाद उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वह और बेहतर करने का प्रयास करेंगे। कार्ल हूबर स्कूल के मुकेश कुमार ने कहा कि चयन का यह तरीका अनूठा है।
इसके जरिये विद्यार्थियों को वोट डालने की प्रक्रिया की जानकारी मिली। एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के कृष्णा दास ने कहा कि प्रिय शिक्षक के रूप में चुना जाना उनके लिए अनूठा अनुभव है। वहीं गिझौड़ के कंपोजिट स्कूल की सुनीता देवी कहती हैं कि इससे अन्य शिक्षक भी बेहतर ढंग से पढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों से मित्रवत व्यवहार रखेंगे।
परिवार के साथ समारोह में होंगे शामिल
शिक्षकों ने कहा कि यह सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उनकी खुशी में परिजन भी शामिल होंगे। मॉडर्न स्कूल की शिक्षिका पूनम पांडेय ने समारोह में परिवार के साथ शिरकत करने की बात कही। वहीं सेक्टर-12 राजकीय इंटर कॉलेज की शिक्षिका संगीता नारायण कहती हैं कि यह दिन मेरे के लिए खास है।