त्रिलोकपुरी के लोग बुनियादी समस्याओं से परेशान हैं। उनका आरोप है कि यहां कई सालों से नलों में गंदा पानी आ रहा है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। लोग बाहर से बोतलें खरीदकर पानी पाने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर पानी की समस्या दूर हो जाए तो वह खुशहाल जीवन जी पाएंगे।
स्थानीय निवासियों ने अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में रोजमर्रा की समस्याओं पर खुलकर बात की। लोगों का कहना है कि यहां सीवर, महिला सुरक्षा, साफ- सफाई समेत कई समस्याएं हैं। मानसून गए कई माह हो चुके चुके हैं, लेकिन सीवर की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। आरोप है कि शिकायत करने पर ही सफाई होती है। उनका मुताबिक, लापरवाही इतनी अधिक है कि जो शिकायत करता है, केवल उसी घर के बाहर सफाईकर्मी अपना काम करते हैं।
बाकी घरों के बाहर भी हर दूसरे-तीसरे दिन सीवर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे बच्चे, बड़े-बूढ़े सभी परेशान हैं। इतना ही नहीं, लोगों का कहना है कि उन्हें खुद अपनी जेब से पैसे देकर सफाई करवानी पड़ती है। स्थानियों निवासियों ने बताया कि इलाके में शराबियों का आतंक भी है। महिलाओं ने बताया कि लोग खुले में नशे का सेवन करते हैं। इस कारण वह उन रास्तों से जाने में असुरक्षित महसूस करती हैं। महिलाओं की मांग है कि कल्याणपुरी मोड़ पर जहां कूड़ा डाला जाता है।
आए दिन सीवर का पानी गलियों व घरों को गंदा कर देता है। शिकायत करने पर सफाईकर्मी आते हैं, लेकिन एक दो नालियों को साफ करके चले जाते हैं।
- पूजा गुप्ता
सीवर की सफाई नहीं होने से गंदा पानी आता है। संबंधित विभाग से कई बार लिखित शिकायत देने के बाद भी कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इससे काफी परेशानी हो रही है।
- लाल चंद
रात का माहौल ठीक नहीं है। कुछ लोग खुले में शराब पीते हैं और गुजरने वालों से दुर्व्यवहार करते हैं। इसके कारण पूरे इलाके का माहौल खराब हो गया है।
- रजनी
ब्लॉक नंबर दो की गली में सीवर लाइन नहीं लगी है। यहां कोई ऐसा घर नहीं है, जहां लोगों को पेट का इंफेक्शन न हो। ऐसा गंदे पानी के कारण है।
- संगीता गुप्ता
पीने के पानी के लिए तो बाजार से पानी की बोतलें मंगानी पड़ती हैं। नहाने के लिए खरीदना संभव नहीं है। पानी से बदबू आती है।
- अनीता