Amar Ujala Junior Chess Festival: अमर उजाला और उत्तर प्रदेश शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित जूनियर शतरंज प्रतियोगिता के ग्रांड फिनाले के विजेताओं की घोषणा हो गई है। सेक्टर-59 स्थित अमर उजाला परिसर में दो दिनों तक जारी ग्रांड फिनाले के बाद सब जूनियर वर्ग (अंडर-12) में जेपी पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा के अवान तिवारी चैंपियन बनने में कामयाब रहे।
वहीं जूनियर वर्ग (12 वर्ष से अधिक) में दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेनो के यश कुमार सिंह ने चैंपियनशिप जीत ली है। रविवार को विजेताओं को भारोत्तोलन में ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और शतरंज के ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से ने पुरस्कार दिए। प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में शीर्ष पांच स्थानों पर आने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा सात सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
अमर उजाला की ओर से प्रथम चरण में 45 स्कूलों को चयनित कर शतरंज प्रतियोगिता कराई गई। स्कूलों में हुई प्रतियोगिता में 4000 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दूसरे चरण में अमर उजाला परिसर में दो दिवसीय ग्रांड फिनाले का आयोजन हुआ। इसमें दोनों वर्ग में 255 खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया। किसी ने प्यादों से अपनी रक्षा पंक्ति मजबूत की। किसी ने घोड़े की ढाई चालों से दूसरे को चकमा देकर परास्त किया।
सब जूनियर वर्ग में विजेता अवान तिवारी ने सातों मुकाबले जीतते हुए सात अंक हासिल किए। दूसरे स्थान पर सेंटहुड काॅन्वेंट स्कूल की माही सिंह ने भी सात अंक हासिल किए लेकिन समय के आधार पर अवान को विजेता घोषित किया गया। जबकि तीसरे स्थान पर जीडी गोयनका स्कूल स्वर्ण नगरी के दक्ष सैनी रहे। दक्ष छह अंक हासिल करने में कामयाब रहे।
जूनियर वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेनो के यश कुमार सिंह सातों मुकाबले जीतकर चैंपियन बने। वहीं दूसरे स्थान पर रायन इंटरनेशनल स्कूल ग्रेनो के समय कुशवाहा रहे। उन्होंने छह मुकाबले जीते। जबकि छह अंक हासिल करने वाले जेनेसिस ग्लोबल स्कूल नोएडा के अर्णव पॉल तीसरे स्थान पर रहे। फाइनल खेलने आए खिलाड़ियों और अभिभावकों ने दोनों अतिथियों के साथ सेल्फी और ऑटोग्राफ लिए।