-आप ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, प्रवीण कुमार बोले- 35 हजार रुपये फीस जमा करने के बाद भी रद्द की अनुमति
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने लाजपत नगर स्थित कस्तूरबा निकेतन मैदान में रावण दहन से करीब 12 घंटे पहले रामलीला आयोजन की अनुमति रद्द करने का आरोप दिल्ली सरकार पर लगाया है। आप के एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि आयोजन समिति ने 35 हजार रुपये फीस जमा कर दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) से अनुमति ली थी। इसके बाद रावण दहन की तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। प्रवीण कुमार के मुताबिक, 15 अक्टूबर को अनुमति मिलने के बाद मैदान में टेंट और अन्य सामान पहुंच गया था। मंगलवार को रावण दहन होना था, लेकिन कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले डूसिब अधिकारियों ने अनुमति रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा नेता के दबाव में की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि दशहरे जैसे त्योहार के आयोजन को क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति रावण दहन करने के अपने फैसले पर कायम हैं।