दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का नियम लागू है। उधर, लगातार दूसरे दिन एनसीआर के शहरों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। सबसे खराब हवा 220 एक्यूआई के साथ ग्रेटर नोएडा की रही। वहीं, गाजियाबाद की हवा 207 एक्यूआई के साथ खराब श्रेणी में रही, जबकि दिल्ली का एक्यूआई 181 दर्ज किया गया। वायु मानक एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक हवा की रफ्तार कम रहने की वजह से इसमें सुधार की संभावना नहीं है।
केंद्र की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 2.5 माइक्रोमीटर से बड़े कणों की पीएम 10 में 57 फीसदी हिस्सेदारी रही है। बीते 24 घंटे में हवा में मौजूद पीएम 10 का स्तर 169 व पीएम 2.5 का स्तर 73 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया है। सफर का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक हवा की रफ्तार आठ से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। अभी एनसीआर व पड़ोसी राज्यों से आने वाले प्रदूषण व पराली के धुएं की हिस्सेदारी न के बराबर है। इसके बाद भी हवा की गुणवत्ता लगातार खराब दर्ज की जा रही है।
अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम
राजधानी में इन दिनों मौसम साफ बना हुआ है व तेज धूप का दौर जारी है। इस कड़ी में अगले 24 घंटे में भी मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, मंगलवार से मौसम करवट ले सकता है व सप्ताह के अंत तक बारिश के दौर के साथ अधिकतम पारा लुढ़क कर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 35.2 व न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 47 से 95 फीसदी रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहने के साथ तेज धूप निकली रहेगी। अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।