अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में हवा की गति तेज होने और दिशा बदलने के कारण फिजा खराब श्रेणी में बरकरार है। ऐसे में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 220 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। इसमें बृहस्पतिवार की तुलना में 21 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, एनसीआर में गुरुग्राम की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 259 दर्ज किया गया, यह हवा की खराब श्रेणी है। वहीं, गाजियाबाद में 254, नोएडा में 196 और ग्रेटर नोएडा में 194 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 155 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि शनिवार को हवा मध्यम श्रेणी में पहुंचने की संभावना है। इससे लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिल सकती है।