संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। तीन दिन की राहत के बाद मानेसर की हवा फिर खराब हो गई है। मंगलवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 219 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को एक्यूआई 128 था, जो बढ़कर 219 पर पहुंच गया। हवा की गुणवत्ता बिगड़ने से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। शहर में सड़कों से उड़ने वाली धूल प्रदूषण की एक बड़ी वजह है। नगर निगम मानेसर सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रहा है। लेकिन यह छिड़काव कुछ तय जगहों पर ही होता है, जिससे धूल की समस्या बनी रहती है। कई सड़कों की खराब हालत भी प्रदूषण बढ़ा रही है। जर्जर सड़कों की मरम्मत न होने से वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती है। ग्रेप लागू होने के बाद भी निगम की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।