प्रदूषण की रोकथाम के लिए विभाग एजेंसियों के साथ मिलकर करें काम: उपराज्यपाल, रोकथाम कार्य की समीक्षा की
दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सभी विभागों को एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने का आदेश दिया। सोमवार को उपराज्यपाल ने विभिन्न विभागों, एजेंसियों, नागरिक निकायों के कामों का जायजा लिया। एलजी सुबह लाल किले के पीछे-राजघाट से आईटीओ तक, प्रगति पावर प्लांट से आईपी एस्टेट तक और रिंग रोड पर सराय काले खां के पास मिलेनियम पार्क तक का दौरा किया। इस दौरान फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और पावर यार्ड का निरीक्षण किया।
प्रगति पावर प्लांट और मिलेनियम बस डिपो के पास एलजी ने धूल की मोटी परत पाई। इस पर एलजी ने अधिकारियों को तुरंत फुटपाथ और सड़कों की सफाई कराने का निर्देश दिया। मैकेनिकल रोड स्वीपरों से धूल रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पाया कि इस मशीन से धूल उड़ने की वजह से प्रदूषण बढ़ रहा है और इसको रोकने के लिए पानी के छिड़काव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मोबाइल एंटी-स्मॉग गन का भी जायजा लिया।उपराज्यपाल ने पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, डीडीए आदि के अधिकारियों को तुरंत फुटपाथों, पावर प्लांट और बस डिपो के यार्डों को धूल मुक्त रखने का निर्देश दिया।
वाहनों की सख्ती से जांच के निर्देश
सक्सेना ने परिवहन विभाग और दिल्ली पुलिस को सख्ती से ग्रैप-4 के तहत प्रतिबंधित वाहनों को सड़कों पर उतरने की अनुमति न दिए जाने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अन्य राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की एंट्री प्वाइंट्स पर ही जांच को लेकर सख्ती बरतें। उपराज्यपाल ने लोगों से प्रदूषण कम करने वाले सभी उपाय करने, विशेषकर सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करने की भी अपील की।