नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में शिक्षकों के लिए बुधवार से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) रिफ्रेशर कोर्स की शुरुआत हुई। दो सप्ताह तक चलने वाले कोर्स में एआई साइंस एंड इंजीनियरिंग में, एआई शिक्षा में, एआई कृषि में, एआई लाइफ साइंस एंड मेडिकल साइंस सहित दूसरे विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कोर्स में देशभर के विभिन्न संस्थानों के 91 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे है। जामिया के मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर की ओर से यह कोर्स आयोजित किया जा रहा है। कोर्स के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जामिया के एफटीके-सीआईटी के अतिरिक्त निदेशक प्रो. तनवीर अहमद ने कहा कि एआई की प्रगति पर संदेह करने के बजाय उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने की जरूरत है। इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य सेवा, वित्त, शिक्षा और प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में एआई मॉडल व्यापक समाज के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। ब्यूरो