12वीं के छात्र मनीष खारी की हत्या के बाद शहर में अफ्रीकी नागरिकों पर हुए हमलों में आठ लोग घायल हुए। इससे खौफजदा अफ्रीकी मूल के छात्रों ने सेक्टरों में मकान छोड़कर सुरक्षित क्षेत्र की ओर जाना शुरू कर दिया है।
बताया गया है कि अब तक तीस से अधिक छात्रों ने विश्वविद्यालय-कॉलेज के हॉस्टल और अन्य स्थानों की ओर रुख कर लिया है। अब भी बड़ी संख्या में अफ्रीकी छात्र-छात्राएं नए घर की तलाश में लगे हैं।
शारदा विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले और अब तक सेक्टरों में रह रहे 16 छात्र वापस विश्वविद्यालय के हॉस्टल पहुंच गए हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार अब तक 16 छात्रों ने हॉस्टल ज्वाइन कर लिया है, जबकि कुछ और छात्रों ने हॉस्टल ज्वाइन करने की इच्छा जताई है।
मनीष मामले में आरोपी छात्रों ने मांगा हॉस्टल
मनीष खारी की हत्या केमामले में आरोपी बनाए गए छात्रों ने संबंधित कॉलेज के हॉस्टल के लिए आवेदन किया था, लेकिन कॉलेज ने उनकी छवि को देखते हुए आवेदन अस्वीकार कर दिया।
घर से निकलने से बच रहे अफ्रीकी छात्र
सेक्टरों में रहने वाले अधिकतर अफ्रीकी छात्र घरों से नहीं निकल रहे हैं। अफ्रीकी छात्र संगठन और संबंधित कुछ कॉलेज उनके घरों तक खाना पहुंचा रहे हैं, ताकि हालात सामान्य होने तक उन्हें घर से बाहर न निकलना पड़े।