दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2023-24 में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। ऐसे में पंजीकरण प्रक्रिया और बाद में शुरु होने वाली दाखिला प्रक्रिया में छात्रों की सहायता के लिए डीयू ने एडमिशन सपोर्ट सिस्टम स्थापित किया है।
इसके तहत चैट बोट और ईमेल के माध्यम से छात्रों को ऑनलाइन सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं डीयू में दाखिले के लिए अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (एफएक्यूस) के उत्तर भी तैयार किए हैं। डीयू दाखिला अधिकारियों के अनुसार स्नातक में दाखिले से संबंधित जानकारी के लिए उम्मीदवार ug@admission.du.ac.in पर, स्नातकोत्तर प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए pg@admision.du.ac.in पर और पीएचडी प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए ईमेल phd@admision.du.ac.in पर लिख सकते हैं। एफएक्यूस को पहले से ही तैयार कर विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। छात्रों की सहायता के लिए दाखिला शाखा में हेल्प डेस्क की सुविधा भी स्थापित की गई है। छात्र किसी भी मदद के लिए फोन कर सकते हैं। वहीं विवि दाखिले से संबंधित शिकायतों को आसान तरीके से हल करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल स्थापित करने की भी योजना बना रहा है।
डीयू प्रशासन की आवेदकों को सलाह
डीयू ने आवेदकों को सलाह दी है कि वे दाखिले से संबंधित सभी अपडेट, प्रोग्राम और दिशा-निर्देशों के लिए नियमित रूप से विवि की दाखिला वेबसाइट और डैशबोर्ड को देखते रहें। आवंटित सीट को स्वीकार नहीं करने, दाखिला शुल्क का भुगतान नहीं करने और कॉलेज द्वारा उठाए गए प्रश्नों का उत्तर नहीं देने पर आवंटित सीट को अस्वीकार कर दिया जाएगा। आवेदकों को डीयू की आधिकारिक वेबसाइट (www.admission.uod.ac.in) पर प्रदर्शित जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए। विश्वविद्यालय के ईमेल अकाउंट केवल du.ac.in के साथ समाप्त होने वाली ईमेल आईडी वाले ही होते हैं।