संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग और एलपीजी की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में पांच प्रवर्तन टीमों का गठन किया है, जो लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि अब तक इन टीमों द्वारा 134 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 23 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए हैं। विशेष रूप से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अतिरिक्त उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस सिलिंडरों का उपयोग न करें, क्योंकि यह नियमों के विरुद्ध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। यदि किसी उपभोक्ता को ईंधन आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या आती है, तो वह जिला मुख्यालय स्थित गैस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 01267-274615 पर संपर्क कर सकता है। प्रशासन ने अब तक प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया है।