बीते बुधवार को सेक्टर-93 पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि गांव गढ़ी में एक कमरे से बदबू आ रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान बाहर से बंद था। पुलिस ताला तोड़कर मकान में गई तो एक महिला का शव मिला। मृतका के भाई ने शव की पहचान सोना देवी के रूप में की थी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी थी।
पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि घटना के बाद से ही सोना देवी का बेटा प्रवेश फरार है। पुलिस ने उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लिया तो उसकी लोकेशन रोहतक मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम को रोहतक भेजा गया। टीम ने वहां आरोपी को धर दबोचा।
गुरुग्राम लाकर आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसके पिता की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद से ही मां किसी से फोन पर लगातार बात करती थी। इसको लेकर बेटे को मां के चरित्र पर शक होने लगा था। इसकी के चलते बेटे ने मां को चाकू से गोदने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी बेटा मां के शव को घर में छोड़कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था।