संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली । छतरपुर के चंदन होल्ला गांव में पिछले साल 15 सितंबर को पुलिस टीम पर हुए हमले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अरबाज खान उर्फ बैजू (20) को स्पेशल स्टाफ ने राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा है। वारदात में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि गांव में ड्यूटी कर रही पुलिस टीम पर भीड़ ने ईंट-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया था। इस संबंध में फतेहपुर बेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस को बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि आरोपी भिवाड़ी के गढ़पुर गांव में छिपा है। टीम ने घेराबंदी कर शुक्रवार को उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे दिल्ली लाया गया।