राजधानी में रंगों का त्योहार होली भी इस बार राजनीतिक रंग में रंगा हुआ दिखाई पड़ेगा। अपने वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने होली के दिन ध्यान कार्यक्रम करके विरोध जताने का निर्णय लिया है। पार्टी नेता अपने-अपने इलाकों में भी इसी तरह ध्यान कार्यक्रम कर मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी का विरोध करेंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि उसके कार्यकर्ता पूरे दिन हर वर्ग के लोगों से मिलजुलकर होली खेलेंगे और लोगों को गुलाल लगाते समय भ्रष्टाचार की लड़ाई में उनका साथ देने की अपील करेंगे।
आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में विपक्षी दलों को दबाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को चुप कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उस मनीष सिसोदिया को जेल में बंद कर दिया जिन्होंने शिक्षा जगत में एक क्रांति की थी।
अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और दिल्ली के लोगों से अपील की कि वे भी होली के दिन ध्यान करें और मनीष सिसोदिया के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें। केजरीवाल की इस अपील के बाद राजधानी के विभिन्न स्थानों पर ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लोगों से भ्रष्टाचार की लड़ाई में मांगेंगे मदद
भारतीय जनता पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के 'ध्यान' कार्यक्रम को उनका एक और 'पॉलिटिकल स्टंट' करार दिया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता नेहा शालिनी दुआ ने अमर उजाला से कहा कि अरविंद केजरीवाल इसी तरह के राजनीतिक स्टंट कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाते आए हैं, इस बार भी वे यही करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को इस तरह ध्यान भटकाने की बजाय सीबीआई के उन सवालों के जवाब देना चाहिए जिसके जवाब अभी तक जनता को नहीं मिले हैं।
नेहा शालिनी दुआ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कल पूरे दिन हर समुदाय, हर वर्ग के लोगों के साथ मिलकर होली खेलेंगे और लोगों को गुलाल लगाएंगे। इस अवसर पर भाजपा नेता-कार्यकर्ता लोगों से यह अपील करेंगे कि वे पहले की तरह अब भी भ्रष्टाचार की लड़ाई में उनका साथ दें।
भाजपा नेता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जिस मनीष सिसोदिया को महान शिक्षा मंत्री बता रहे हैं, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उन्हीं मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में शराब पीने की उम्र कम कर, स्कूल-कॉलोनी, अस्पतालों के आसपास शराब की दुकानें खोलकर और शराब की होम डिलीवरी शुरू कर लोगों को शराब के नशे में डुबा दिया। भाजपा नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने शराब नीति में इस तरह के बदलाव क्यों किए।