आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रपति चुनाव की तरह उपराष्ट्रपति के लिए हो रहे चुनाव में भी विपक्ष की उम्मीदवार को समर्थन देने का एलान किया है।
इस तरह आम आदमी पार्टी के सभी राज्यसभा सदस्य छह अगस्त को होने वाले उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में अपना वोट विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को देंगे। आप ने यह निर्णय बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक में लिया।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बताया कि पीएसी बैठक में सर्वसम्मति से उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में मार्गरेट अल्वा को समर्थन देने का निर्णय लिया। मार्गरेट अल्वा विपक्ष की उम्मीदवार हैं और उनकी पार्टी भी विपक्षी दल है। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पीएसी की बैठक में मार्गरेट अल्वा की उम्मीदवारी पर चर्चा की गई। उसके बाद उनको समर्थन देने को लेकर निर्णय लिया गया।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में 10 सदस्य है, जबकि लोकसभा में उनका एक भी सदस्य नहीं है। उपराष्ट्रपति के चुनाव में केवल सांसद वोट डालते हैं।
इससे पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। छह अगस्त को होने वाले इस चुनाव में धनखड़ का मुकाबला विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा से है। बसपा सुप्रीमो के एलान के बाद जहां धनखड़ की दावेदारी और मजबूत हो गई है, वहीं झामुमो और आप के समर्थन से मार्गरेट की स्थिति पहले से थोड़ी ठीक हो गई है।
मायावती ने ट्वीट कर उपराष्ट्रपति चुनाव में धनखड़ को समर्थन देने का एलान किया। उन्होंने लिखा, 'सर्वविदित है कि देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव में सत्ता व विपक्ष के बीच आम सहमति ना बनने की वजह से ही इसके लिए फिर अन्ततः चुनाव हुआ। अब ठीक वही स्थिति बनने के कारण उपराष्ट्रपति पद के लिए भी दिनांक छह अगस्त को चुनाव होने जा रहा है। बीएसपी ने उपराष्ट्रपति पद के लिए हो रहे चुनाव में भी व्यापक जनहित और अपनी मूवमेंट को ध्यान में रखकर जगदीप धनखड़ को समर्थन देने का फैसला किया है। इसकी मैं आज औपचारिक रूप से घोषणा भी कर रही हूं।'