दिल्ली शराब घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर पर ईडी ने रेड मारी है। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी सुबह-सुबह सिंह के घर पहुंचे और अभी वहीं पर मौजूद हैं। ईडी की कार्रवाई का विपक्ष ने जमकर विरोध किया है तो वहीं आम आदमी पार्टी ने एक्स पर संजय सिंह की एक फोटो शेयर की है।
संजय सिंह ने महीनों पहले ईडी अधिकारियों के स्वागत के लिए अपने घर के बाहर पोस्टर लगाया था और अब आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स से फोटो शेयर करते हुए फायर इमोजी साझा की है।
दिल्ली में आप सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया को फरवरी में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। अब संजय सिंह पर कार्रवाई हो रही है। क्योंकि संजय सिंह का नाम भी सामने आया है। इससे पहले दिल्ली सरकार की 2021 की शराब नीति के संबंध में अन्य नेताओं से भी पूछताछ हो चुकी है। इसी मामले में अप्रैल में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी करीब नौ घंटे तक पूछताछ हुई थी।