अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मालवीय नगर थाना पहुंचकर अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार के मामले में आरोपी दंपती की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पंचशील विहार इलाके में किराए पर रहने वाली इन छात्राओं को पड़ोसी दंपति ने अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। भारद्वाज के अनुसार, मामूली ड्रिलिंग की धूल को लेकर शुरू हुए विवाद में दंपति ने छात्राओं को 500 रुपये में मसाज करने वाली जैसे शब्द कहे। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला ने यह भी कहा कि उसका पति बड़े नेता का बेटा है और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। भारद्वाज ने इसे नस्लवाद करार देते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों को इस तरह अपमानित करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवतियों में एक दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा है, जबकि दूसरी यूपीएससी की तैयारी कर रही है।