अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विवेक विहार इलाके में एक युवक से मोबाइल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को पीड़ित ने लोगों की मदद से पकड़ लिया। बदमाश के कब्जे से फोन के अलावा एक चोरी की बाइक मिली है। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब 7.30 बजे आकाश तिवारी रामप्रस्थ लाल बत्ती के पास बस से उतरे। इसी दौरान सफेद रंग की बाइक सवार एक बदमाश ने उनके हाथ से मोबाइल झपटकर भागने लगा। शोर मचाने पर वहां मौजूद स्कूटी सवार दो सतर्क युवकों ने भागते हुए बदमाश का पीछा किया और थोड़ी ही दूरी पर आनंद विहार फ्लाईओवर के पास उसे पकड़ लिया। मौके पर पहुंची विवेक विहार थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीने गए फोन व बाइक बरामद कर ली। आरोपी की पहचान 22 साल के विक्रम के रूप में हुई है। उसने बताया कि वारदात में इस्तेमाल बाइक उसने साहिबाबाद की प्रह्लाद गली से चुराई थी। पुलिस आरोपी विक्रम के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।