-छठ मेले में दिल्ली पुलिस ने श्रद्धालुओं को साइबर ठगी के प्रति किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। छठ पूजा के अवसर पर मादीपुर स्थित झील पार्क में लगे मेले में दिल्ली पुलिस ने श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने मेले में पहुंचे लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी और उनसे बचने के उपाय बताए। इस दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत उठाए जाने वाले कदमों के बारे में लोगों को समझाया। पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि दिल्ली पुलिस की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।