-बाहरी-उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर की वारदात, मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोचा, पिस्टल व कारतूस बरामद
-आरोपी ने पीड़ित पर चलाई दो गोलियां, बाकी आरोपी फरार, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश, 23 को थी गवाही
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
गैर इरादतन हत्या में करन उर्फ राहुल की 23 फरवरी को अदालत में गवाही थी। इस बीच आरोपी अपने साथी के साथ मौके पर पहुंचा और पीड़ित पर जान से मारने की नियत से दो राउंड गोलियां चला दी। पीड़ित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी भी गोली चलाकर फरार हो गए। पीड़ित ने स्वरूप नगर थाना पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से दो खोखे बरामद हुए। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस कर मुख्य आरोपी केशव उर्फ अभिषेक उर्फ बिल्ली (24) को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल व एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि सोमवार रात 11.50 बजे गारमेंट कारोबारी करन उर्फ राहुल, स्वरूप नगर स्थित अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इस बीच वह सिगरेट लेने दुकान पर जाने लगे। तभी आरोपी अभिषेक उर्फ केशव अपने साथी दीपक उर्फ लोटे के साथ वहां स्कूटी पर सवार होकर पहुंचा। आरोपी केशव ने करन से कहा कि 23 फरवरी को जो अदालत में गवाही देने वाला है, उन आरोपों को वापस ले ले। मना करने पर आरोपी केशव ने पिस्टल निकाली और करन पर दो राउंड गोलियां चला दीं।