-दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुई, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के खानपुर स्थित जवाहर पार्क में रविवार दोपहर फ्रिज में विस्फोट के बाद एक मकान में आग लग गई। रसोई में एलपीजी के तीन बड़े और एक छोटा सिलिंडर रखा था। आग के बीच सिलिंडरों के गर्म होने से बड़ा हादसा होने का खतरा था। मौके पर पहुंची नेब सराय थाना पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए चारों सिलिंडरों को सुरक्षित बाहर निकालकर दुर्घटना टाली। दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल विष्णु, मनोज, अब्दुल और देवेंद्र ने गीले कपड़ों की मदद से गर्म सिलिंडरों को सावधानीपूर्वक आग की चपेट वाले हिस्से से दूर हटाया। बाद में दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिसकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।