अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स सेल ने नशे के खिलाफ अभियान में एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनसे 58.839 किलोग्राम गांजा, 85.85 ग्राम स्मैक और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए। जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को जोइनल को 10.530 किलोग्राम गांजे के साथ पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर मोहन महतो को गिरफ्तार किया गया। मोहन की निशानदेही पर दिल्ली-हरियाणा के टीकरी बॉर्डर के पास जमीन से गांजे की खेप मिली। मोहन पर दुष्कर्म, आर्म्स एक्ट और मादक द्रव्य अधिनियम के तीन मामले दर्ज हैं वह 10 जुलाई 2026 को जमानत पर बाहर आकर दोबारा तस्करी कर रहा था। दूसरे मामले में, जहांगीरपुरी में स्मैक सप्लाई के आरोप में विमला उर्फ पालक वाली को गिरफ्तार किया गया।