मध्य दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 50 लाख लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में फाइनेंस कंपनी दफ्तर के ऊपर रहने वाले पड़ोसी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल फाइनेंस कंपनी का मालिक फोन पर किसी से कैश की बात कर रहा था। यह बात आरोपी ने अपने दोस्तों को बताई और वारदात को अंजाम दे दिया गया। पुलिस ने साजिशकर्ता श्याम यादव (30), इसके दोस्त गांव बाजू, शामली, यूपी निवासी हितेंद्र सिंह (33) और नजफगढ़ निवासी सुरेश उर्फ काला (44) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 31 लाख रुपये बरामद किए हैं।
बाकी रकम को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी सुरेश कुख्यात बदमाश है, उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं हितेंद्र सिंह पहले यूपी के आबकारी विभाग में कांट्रेक्ट पर नौकरी करता था। कोविड के दौरान उसकी नौकरी चली गई थी। फिलहाल वह बेरोजगार था। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि 19 मई को प्रसाद नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी दीन दयाल को पिस्टल दिखाकर 50 लाख रुपये लूट लिये थे। वारदात के समय दीन दयाल करोल बाग स्थित दफ्तर से रुपये पटेल नगर लेकर निकला था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। लोकल पुलिस के अलावा एएटीएस को भी जांच में शामिल किया गया। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि वारदात में शामली का युवक हितेंद्र शामिल है। पुलिस ने एक टीम को शामली भेजा। वहां आरोपी की जानकारी जुटाने के बाद उसे दबोच लिया गया। बाद में एक-एक दोनों आरोपियों को दिल्ली से दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी श्याम यादव ने बताया कि करीब 10 साल पहले तीनों एक शादी में मिले थे, तभी से उनकी दोस्ती थी। सभी को रुपयों की जरूरत थी। उसे पता था कि उसकी बिल्डिंग में फाइनेंसर के यहां मोटी रकम आती जाती है।
उसने यह बात अपने दोस्तों को बताई और लूट का प्लॉन बना। बाद में सीढि़यां उतरते समय जब श्याम ने फाइनेंसी को किसी से फोन पर बात करते सुना तो उसने यह बात अपने दोस्तों को बयाई। सुरेश अपनी बाइक की नंबर प्लेट बदलकर वारदात को अंजाम देने पहुंच गया। बाद में सुरेश और हितेंद्र ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक, एक पिस्टल व कारतू भी बरामद कर लिये हैं। आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।