अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में नकली सिगरेट की आपूर्ति के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की 4.71 लाख से अधिक नकली सिगरेट बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम (32), राजरानी (70) और किशन मुरारी (28) के रूप में हुई है। तीनों को नकली सिगरेट की अवैध बिक्री और वितरण की जांच के दौरान सितंबर में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को एक टीम को प्रशांत विहार इलाके में नकली सिगरेट की खेप पहुंचाए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अकरम को करीब 1.20 लाख नकली सिगरेट के साथ गिरफ्तार किया।