नई दिल्ली। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में भव्य राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता (राजस्थान) ने की और प्रभावशाली संचालन राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा (उत्तर प्रदेश) ने किया। सम्मेलन में देश के 24 राज्यों व दो केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1000 व्यापारी प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर व्यापारी एकता, संगठनात्मक शक्ति व राष्ट्रीय समन्वय का परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रहे। उन्होंने कहा कि व्यापार और कारोबार को बढ़ावा देकर ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। देश की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ाने के लिए व्यापार एवं वाणिज्य को और गति देना आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जीएसटी, ऑनलाइन ट्रेड सहित कारोबार से जुड़े विषयों पर सरकार उनकी चिंताओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। ब्यूरो