नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से मंगलवार को वैसाखी के पावन अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को वीजा जारी कर उनके पासपोर्ट वितरित किए गए। कमेटी के अनुसार, कुल 451 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए पाकिस्तान दूतावास को भेजे गए थे, इनमें से 409 श्रद्धालुओं को वीजा प्रदान किया गया। जिन श्रद्धालुओं को वीजा नहीं मिल पाया, उनमें अधिकांश ऐसे थे जिनके नाम के साथ ‘सिंह’ या ‘कौर’ नहीं था या वे सहजधारी परिवारों से संबंधित थे। सभी श्रद्धालुओं को 10 से 19 अप्रैल तक की अवधि का वीजा मिला है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्रद्धालु 10 अप्रैल को सीमा पार कर पाकिस्तान प्रवेश करेंगे और गुरुद्वारा पंजा साहिब में वैसाखी का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाएंगे। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और परमजीत सिंह चंडोक उपस्थित रहे। संवाद