-मामले की जांच के लिए एनजीटी के निर्देश पर तीन सदस्यों की संयुक्त समिति बनाई गई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली के छतरपुर इलाके में एक फार्म हाउस पर 28 पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। इस पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) को सौंपी अपनी हालिया रिपोर्ट में जिलाधिकारी (दक्षिण) ने बताया कि मनचंदा फार्म के अलग-अलग खसरा नंबरों पर बिना अनुमति पेड़ काटे गए। मामले की जांच के लिए एनजीटी के निर्देश पर तीन सदस्यों की संयुक्त समिति बनाई गई थी। साथ ही, समिति ने 13 फरवरी को मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि फार्म के अंदर अभी भी कई पेड़ मौजूद हैं, लेकिन 28 पेड़ों को काट दिया गया या उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है। इनमें नीम, पीपल और अन्य पेड़ शामिल हैं। समिति ने कहा कि पेड़ों की कटाई बिना अनुमति की गई, जो कानून का उल्लंघन है। इसके लिए फार्म के मालिक को जिम्मेदार ठहराया गया है। समिति ने सिफारिश की है कि हर कटे हुए पेड़ पर एक लाख रुपये का पर्यावरण जुर्माना लगाया जाए। साथ ही, बचे हुए पेड़ों की सुरक्षा करने और आसपास की सफाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा, पहले दिए गए आदेश के अनुसार 250 नए पौधे लगाने और उनकी सात साल तक देखभाल करने को भी कहा गया है।