दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर बैग की तलाशी के दौरान एक यात्री के पास से 28 कारतूस बरामद होने का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पर किसी भी यात्री से इतने कारतूस बरामद होने वाला यह सबसे बड़ा मामला है। यात्री अजरबैजान एयरलाइंस से बाकू की यात्रा के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचा था। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने यात्री को हिरासत ले लिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी पर आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि 18 अप्रैल सुबह 5 बजे एक यात्री अजरबैजान की राजधानी बाकू जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर पहुंचा था। इंटरनेशनल सिक्योरिटी होल्ड एरिया (एसएचए) में सीआईएसएफ के जवान आने वाले यात्रियों के बैग्स को एक्सरे मशीन से जांच रहे थे। तभी उसमें संदिग्ध चीज दिखने पर जवानों ने बैग को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी की।
तलाशी के दौरान बैग से 28 कारतूस बरामद हुए। मौके पर मौजूद जवानों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। यात्री की पहचान हरियाणा के पानीपत शहर के जोशी गांव के निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई। पूछताछ करने पर पता चला कि उसके पास कोई हथियार लाइसेंस नहीं था। कारतूस के बारे में पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
जानकारी के लिए बता दें कि आला अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद सीआईएसएफ के जवानों ने आरोपी यात्री को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि यात्री के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यात्री से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके पास इतने सारे कारतूस कहां से आए और बैग में कारतूस रखकर ले जाने का क्या मकसद था।