संवाद न्यूज एजेंसी
होडल।
करमन बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान होडल थाना पुलिस ने एक कार से अवैध अंग्रेजी शराब की 24 बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने शराब रखने के आरोप में मेरठ निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि कार चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की रात करीब 3:15 बजे पुलिस टीम करमन बॉर्डर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मथुरा की तरफ से सफेद रंग की एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी देकर कार को रुकवाया और तलाशी ली। कार की डिग्गी से एक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जबकि एक सूटकेस की तलाशी लेने पर उसमें भी शराब की बोतलें मिलीं। पुलिस के अनुसार कुल 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसमें रेड लेबल जॉनी वॉकर और रॉयल रंथंबोर व्हिस्की शामिल थी। कार में सवार मुकेश गर्ग पुत्र जगदीश प्रसाद गर्ग निवासी गुरुनानक नगर, मेरठ ने पुलिस पूछताछ में शराब को अपना बताया। उसने चालक सुमित ठाकुर को शराब के बारे में जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि चालक केवल गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।