अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिवाली पर पटाखे जलाने के शौक में बड़ी संख्या में लोग झुलस गए। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में दिवाली पर झुलसे 206 लोग पहुंचे। इनमें 197 मामले पटाखों से जलने के हैं, जबकि नौ लोग दीयों के कारण झुलसे। नौ नवंबर को सबसे ज्यादा 71 नए मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें 68 लोग पटाखों से झुलसे थे, जबकि तीन लोग दीयों से जलने के कारण अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी प्रभावित मरीजों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि त्योहार मनाते समय आग से सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें और पटाखों का इस्तेमाल सावधानी से करें।